Sunday, May 3, 2020

31 मरीज आए, अकेले सोनीपत में 17 नए मामले, सिविल अस्पताल के डॉक्टर समेत 1 परिवार में मां, बेटी और बेटा संक्रमित


हरियाणा में रविवार को कोरोना संक्रमित मरीजोंका आंकड़ा 400 पार पहुंच गया है। कुल 31 नए मरीज सामने आए हैं, इसके बाद मरीजों की कुल संख्या 424हो गई है। रविवार को अकेलेसोनीपत में 17 नए मरीज मिले हैं। इनमें एक सिविल अस्पताल का डॉक्टर भी शामिल है। इसके साथ-साथ सोनीपत के ही विकास नगर में एक मां, बेटी और बेटा तीनों संक्रमित पाए गए हैं। इससे पहले शनिवार को प्रदेश में 31 मामले आए थे। रविवार को सोनीपत के अलावा फरीदाबाद में 8, गुड़गांवमें 4 और झज्जर में दो नए मामले मिले हैं।

सोनीपत में आइसोलेशन वार्ड में ड्यूटी दे रहा था डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव मिला

सोनीपत में आइसोलेशन वार्ड में ड्यूटी दे रहा सिविल अस्पताल का डॉक्टर पॉजिटिव मिला है। इसके अलावा विकास नगर में एक 36 वर्षीय महिला, उसकी 15 वर्षीय बेटी और एक बेटा संक्रमित मिले हैं। इससे पहले विकास नगर से एक महिला संक्रमित मिली थी। कमासपुर के मुर्गी फॉर्म से 25 वर्षीय युवक, खरखौदा के खांडा गांव से 65 वर्षीय महिला व 44 वर्षीय एक अन्य महिला संक्रमित मिली हैं। इसी तरह सोनीपत के सेक्टर-23 से भी एक महिला पॉजिटिव आई है। बिलंदरपुर खेड़ी गांव से 27 वर्षीय युवक, वाशी खेवड़ा गांव से 30 वर्षीय, बैयापुर से 31 वर्षीय, नरेंद्र नगर से 74 वर्षीय बुजुर्ग, रूप नगर से 46 वर्षीय व्यक्ति, देवडू रोड से 27 वर्षीय महिला, टीडीआई सिटी कुंडली से 45 वर्षीय व्यक्ति, गन्नौर के खुबड़ू गांव से 15 वर्षीय लड़की और मुरथल रोड पर स्थित यूनिक गार्डन से 22 वर्षीय युवक पॉजिटिव मिला है। सभी के परिजनों क्वारैंटाइन कर दिया गया है। इनके स्वास्थ्य की जांच की जा रही है।

निजी अस्पताल में काम करने वाली स्टाफ नर्स गुड़गांव में संक्रमित

गुड़गांव में कुल मरीजों की संख्या 67 हो गई। यहां पाए गए चारों केस शहर से हैं, इनमें एक 54 साल का व्यक्ति और एक प्राइवेट अस्पताल की स्टाफ नर्स को शहर के कोविड अस्पताल ईएसआई सेक्टर-9 में एडमिट कराया गया है। दो मरीज डूंडाहेड़ा गांव के हैं। ये दोनों कोरोना मरीजों के संपर्क में आए थे। विशेषज्ञों की मानें तो संक्रमण का ये फैलाव अनदेखी के कारण बढ़ रहा है। लोग महामारी को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।

झज्जर में 42 हुए कोरोना पॉजिटिव, 2 नए मरीज और मिले

झज्जर जिले में रविवार को कोरोना मरीजों का आंकड़ा 42 पहुंच गया है। रविवार को दो नए मरीज सामने आए। एक मरीज झज्जर और एक बहादुरगढ़ में मिला है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के आधार पर कोरोना पॉजिटिव केस में 1 श्रमिक बहादुरगढ़ सब्जी मंडी में काम करने वाला है। झज्जर सब्जी मंडी के पास रहने वाले कोरोना पॉजिटिव आढ़ती की एक महिला परिजन का सैंपल भी पॉजिटिव आया है। इसकी पुष्टि झज्जर के सिविल सर्जन ने की है।

हरियाणा में 424 पहुंचा आंकड़ा
  1. हरियाणा में अब तक फरीदाबाद में 70, गुड़गांवमें 67, नूंह में 58, सोनीपत में 44, झज्जर में 42, पलवल में 34, पानीपत में 23, पंचकूला में 18, अम्बाला में 14, करनाल और सिरसा में 6-6, फतेहाबाद में 5, हिसार, यमुनानगर और रोहतक में 4-4, भिवानी और कुरुक्षेत्र में 3-3. जींद, कैथल में 2-2, चरखीदादरी में 1 पॉजिटिव मिले हैं। इसके अलावा, मेदांता अस्पताल गुड़गांव में 14 इटली के नागरिकों को भी भर्ती करवाया गया था, जिन्हें हरियाणा ने अपनी सूची में जोड़ा गया है।
  2. उनके समेत प्रदेश में अब कुल 242 मरीज ठीक हो गए हैं। नूंह में 53, फरीदाबाद में 42, गुड़गांव में 38, पलवल 32, पंचकूला में 17, अम्बाला में 11, करनाल और पानीपत में 5-5, सिरसा और सोनीपत में 4-4, यमुनानगर में 3, हिसार, कैथल, कुरुक्षेत्र, रोहतक और भिवानी में 2-2, चरखी दादरी, फतेहाबाद 1-1 मरीज ठीक होने पर घर भेजा गया। 14 मरीज इटली के भी ठीक हुए हैं। इनके समेत कुल आंकड़ा 241 हो जाता है।
  3. प्रदेश में अब तक 133 जमाती संक्रमित मिले हैं। इनमें सबसे ज्यादा नूंह जिले से हैं। यहां कुल 42 जमाती संक्रमित पाए गए। इसके अलावा, पलवल 31, फरीदाबाद 23, गुड़गांव 15, अम्बाला 5, पंचकूला 7, यमुनागर 3, भिवानी 2, कैथल, जींद, चरखी दादरी, फतेहाबाद और सोनीपत में एक-एक मरीज संक्रमित मिला। यह सभी मरकज से लौटे थे। जिन्हें अलग-अलग मस्जिदों और गांवों से पकड़ा गया था।

Comments